महिलाओं और राहगीरों के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप, मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीम ने की कार्रवाई

शाहजहांपुर। शहर के शहीद पार्क के पास सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में सदर बाजार पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रविवार 11 अक्टूबर को टीम एसपी कॉलेज से शहीद पार्क की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान शहीद पार्क के गेट के पास एक युवक महिलाओं और राहगीरों के सामने कथित तौर पर अश्लील हरकतें करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करता मिला। पुलिस टीम ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए युवक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान सुनील कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना सदर बाजार के रूप में हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई को सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।