प्लांट बायोलॉजी एवं बॉटनी में 561वीं वैश्विक रैंक
–करियर और सिंगल ईयर दोनों श्रेणियों में बनाई जगह

शाहजहांपुर। गांधी फैज-ए-आम (जीएफ) कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर के सहयोग से जारी दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में स्थान मिला है। डॉ. अख्तर को करियर और सिंगल ईयर, दोनों श्रेणियों में शामिल किया गया है। प्लांट बायोलॉजी एवं बॉटनी के क्षेत्र में डॉ. अख्तर ने वैश्विक स्तर पर 561वीं रैंक हासिल की है। वहीं, सभी वैज्ञानिक विषयों को मिलाकर उन्हें 37,904वां स्थान मिला है। संबंधित डेटाबेस में शामिल 1,89,757 शोधकर्ताओं के बीच उनका स्थान हासिल करना उनकी शोध उपलब्धियों को दर्शाता है। वैज्ञानिकों की इस सूची में शोध पत्रों के उद्धरण, एच-इंडेक्स, सहलेखन और प्रकाशित शोध के प्रभाव जैसे मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। इसे विभिन्न वैज्ञानिक क्षेत्रों में शोधकर्ताओं के योगदान का आकलन करने वाले प्रमुख अंतरराष्ट्रीय डेटाबेस में गिना जाता है। डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर का शोध मुख्य रूप से प्लांट स्ट्रेस फिजियोलॉजी, बायोफर्टिलाइजर,फाइटोरेमेडिएशन और पौधों एवं सूक्ष्मजीवों के बीच पारस्परिक संबंधों पर केंद्रित है। उनके शोध कार्य पर्यावरण संरक्षण और कृषि विज्ञान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित हैं।डॉ. अख्तर की इस उपलब्धि से जीएफ कॉलेज और शाहजहांपुर के शैक्षणिक जगत को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। उनकी सफलता को स्थानीय शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।