सर्व समाज के लोगों को लाभ मिलेगा और नगरवासियों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी:सुरेश खन्ना
शाहजहांपुर। महानगर के अंटा चौराहे से हनुमत धाम होते हुए बांस मंडी तक करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट रोड का निर्माण कराया जाएगा। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत बनने वाली इस सड़क का सोमवार शाम नगर विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया।इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि अंटा चौराहे से हनुमत धाम और बांस मंडी जाने वाले मार्ग पर आए दिन लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। स्मार्ट रोड का निर्माण होने से सड़क की स्थिति बेहतर होगी और आमजन का आवागमन सुगम एवं सुविधाजनक हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से सर्व समाज के लोगों को लाभ मिलेगा और नगरवासियों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।कार्यक्रम में महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा, सांसद अरुण कुमार सागर, एमएलसी सुधीर गुप्ता, महानगर पार्षद रामबरन चंदेल, विपिन यादव, लाल सिंह यादव, पवन गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी एवं व्यापारी नेता रोहित कुमार गुप्ता, रामशंकर कनौजिया, अंशू तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

