कलान पुलिस ने गुन्दौरा-दाउदपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान पकड़े आरोपी, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

शाहजहांपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कलान थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 268 ग्राम अफीम, 10,050 रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक एचएफ मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर की रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान गुन्दौरा-दाउदपुर तिराहे पर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 268 ग्राम अवैध अफीम समेत नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरोज कुमार पुत्र छोटेलाल और राममोहन पुत्र सत्यपाल निवासी ग्राम खालसा, थाना परशुरामपुरी, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, बरामद मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।