र
–दो सोने के कंगन, अंगूठी और 22 हजार रुपये बरामद, आभूषणों की कीमत 2.82 लाख रुपये
–गांधी मूर्ति चौराहे पर हंगामे के बाद पुलिस ने तेज की कार्रवाई, 24 सितंबर की चोरी का भी खुलासा
अमरोहा। ई-रिक्शा में यात्रियों के साथ बैठकर ब्लेड से पर्स काटने और नकदी व आभूषण चोरी करने के आरोप में नगर कोतवाली पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो सोने के कंगन, एक अंगूठी, 22 हजार रुपये नकद और एक काला बैग बरामद किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत 2.82 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मुरादाबाद के वारसी नगर निवासी गुलफशा (30) पत्नी समीर और तरन्नुम (28) पत्नी साहिल के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ अमरोहा नगर कोतवाली में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों महिलाएं बाजारों और सर्राफा दुकानों के आसपास खरीदारी करने वाले लोगों पर नजर रखती थीं। इसके बाद वे यात्रियों के साथ ई-रिक्शा में सवार हो जाती थीं। भीड़ का फायदा उठाकर ब्लेड से पर्स काटतीं और उसमें रखी नकदी व सोने के आभूषण निकाल लेती थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दूसरे ई-रिक्शा से फरार हो जाती थीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपित महिलाओं ने 24 सितंबर को अमरोहा नगर में ई-रिक्शा में सवार एक व्यक्ति का पर्स काटकर सोने की चेन चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। चोरी की घटनाओं को लेकर गांधी मूर्ति चौराहे पर हुए हंगामे के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज की। दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।






Visit Today : 1736