मुकदमलाइसेंसी और अवैध असलहों से हमला करने का आरोप, मदनापुर पुलिस ने सिकंदरपुर कलां मार्ग से दबोचा
**शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र में मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपित रामवीर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पर गांव के ही एक व्यक्ति और बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। पुलिस ने उसे मंगलवार को सिकंदरपुर कलां जाने वाले रास्ते के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, ग्राम सिकंदरपुर कलां निवासी मुनेन्द्रपाल ने 23 नवंबर को मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि रामवीर समेत आठ लोगों ने लाइसेंसी और अवैध असलहों से लैस होकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे शिवम समेत अन्य लोगों पर भी जान से मारने की नीयत से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। मामले में मदनापुर थाने पर आठ आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 नवंबर को 59 वर्षीय रामवीर पुत्र दफेदार निवासी सिकंदरपुर कलां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ वर्ष 2018 में भी हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम मे वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजयपाल सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह और कांस्टेबल अरविंद कुमार शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

