ककरा में नगर निगम मार्ग पर वारदात से मचा हड़कंप, एएसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

शाहजहांपुर। शहर में दिनदहाड़े बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी। ककरा स्थित नगर निगम मार्ग पर बदमाश पांच लाख रुपये से अधिक की नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।जानकारी के मुताबिक हद्दफ निवासी अयाज सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित स्पाइश मनी कलेक्शन एजेंसी से संबंधित रकम लेकर बैंक में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और नकदी से भरा बैग लूटकर भाग निकले। दिनदहाड़े हुई लूट की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उनका सुराग लगाया जा सके।