सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने के बाद जागा प्रशासन, बस चालकों को दी सख्त चेतावनी
शाहजहांपुर। बरेली मोड़ चौराहे पर प्राइवेट बसों के अवैध संचालन और सड़क पर सवारियां भरने से लगने वाले जाम की समस्या पर आखिरकार प्रशासन हरकत में आ गया। समाचार प्रकाशित होने और सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने बुधवार को अभियान चलाकर चार प्राइवेट बसों को सीज कर दिया। कार्रवाई से बस चालकों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान सीओ ट्रैफिक रणवीर सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान सामने आया कि प्राइवेट बस चालक रोडवेज बसों के ठीक बगल में अपनी बसें खड़ी कर सवारियां भर रहे थे। इससे चौराहे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ ट्रैफिक रणवीर सिंह और यातायात प्रभारी विनय पांडेय ने नियमों का उल्लंघन करने वाली चार प्राइवेट बसों को सीज करा दिया। साथ ही चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क पर बस खड़ी कर सवारियां भरने और यातायात बाधित करने पर अब किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। सीओ ट्रैफिक ने रोडवेज बस चालकों को भी निर्देश दिए कि वे मुख्य चौराहे पर बसें खड़ी कर सवारियां न भरें, बल्कि कुछ दूरी पहले ही यात्रियों को बैठाने और उतारने की व्यवस्था करें। इससे चौराहे पर यातायात सुचारु बना रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब देखना होगा कि बरेली मोड़ पर जाम की समस्या से लोगों को कितनी राहत मिलती है।

