जिला अस्पताल के पीछे चौभरजी में ताजा बनी डामर सड़क खोदने पर उठे सवाल, सरकारी धन की बर्बादी को लेकर नाराजगी

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी की सख्त चेतावनी के बावजूद शहर में नई बनी सड़क की खुदाई का मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के पीछे मोहल्ला चौभरजी में हाल ही में बनी डामर सड़क को ठेकेदार द्वारा खोदे जाने से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, विभागीय समन्वय और सरकारी धन के सदुपयोग पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिलाधिकारी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि निर्मित सड़क को खोदने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद सड़क की खुदाई शुरू होने से प्रशासनिक निर्देशों के अनुपालन पर सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सड़क हाल ही में बनाई गई थी, तो उसके तुरंत बाद खुदाई की जरूरत क्यों पड़ गई? क्या खुदाई के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई है? यदि अनुमति मिली थी, तो सड़क निर्माण से पहले संबंधित कार्य क्यों नहीं पूरे कराए गए? वहीं, यदि बिना अनुमति सड़क खोदी जा रही है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? नई सड़क की खुदाई से न केवल आम लोगों को परेशानी हो सकती है, बल्कि दोबारा मरम्मत पर सरकारी धन खर्च होने की आशंका भी है। इससे निर्माण कार्यों की योजना और विभागों के बीच समन्वय पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं। जरूरत है कि मामले की जांच कराकर खुदाई का कारण स्पष्ट किया जाए, अनुमति और जिम्मेदारी तय की जाए तथा सड़क को फिर से दुरुस्त कराया जाए। देखना यह है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के बावजूद सामने आए इस मामले में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होती है या नहीं।