शाहजहांपुर। नगर निगम में एक फर्म की ओर से लगाए गए फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र की पुष्टि होने और संबंधित मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद महापौर अर्चना वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। महापौर ने नगर निगम में पंजीकृत सभी ठेकेदारों और फर्मों के अनुभव प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नगर निगम में पंजीकृत सभी फर्मों के दस्तावेजों की गहनता से जांच कराई जाए। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने तक सभी निविदा प्रक्रियाओं पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं। महापौर के इस आदेश के बाद नगर निगम में पंजीकृत ठेकेदारों और फर्म संचालकों में खलबली मची हुई है। बताया जा रहा है कि एक फर्म के अनुभव प्रमाण पत्र की जांच के दौरान उसके फर्जी होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद संबंधित फर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने अब नगर निगम में पंजीकृत अन्य फर्मों के दस्तावेजों की भी जांच कराने का निर्णय लिया है। अब सत्यापन के दौरान यह स्पष्ट होगा कि नगर निगम में पंजीकृत कितनी फर्मों के दस्तावेज सही हैं और कितनों के प्रमाण पत्रों में गड़बड़ी सामने आती है। जांच के परिणाम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







Visit Today : 921