यूपी के शाहजहांपुर। शहर की ईदगाह प्रबंध समिति के तत्वावधान में सोमवार को मुस्लिम समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें ईरान और गाजा में हुए हमलों पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। बैठक के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की गई।बैठक की अध्यक्षता शहर इमाम हुजूर अहमद मंजरी ने की। वक्ताओं ने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर सैय्यद अली खामेनेई की हत्या तथा ईरान के एक स्कूल पर रॉकेट हमले में 180 बच्चियों की मौत की घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। उन्होंने इन घटनाओं की अंतरराष्ट्रीय न्यायालय से निष्पक्ष जांच कराए जाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। इसके साथ ही हमलों में मारे गए लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहल करने की भी मांग की गई। बैठक में वक्ताओं ने गाजा पट्टी (फिलिस्तीन) में जारी हमलों को तत्काल रोकने के लिए भारत सरकार से संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से हस्तक्षेप करने की अपील की। साथ ही मध्य-पूर्व में शांति बहाली के लिए भारत की ओर से प्रभावी कूटनीतिक पहल किए जाने की भी मांग की गई।
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान मुस्लिम समाज के कई लोग मौजूद रहे।