यूपी के शाहजहांपुर। जिले में बिजली विभाग की स्मार्ट मीटर योजना उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। तकनीकी खामियों और अनियमित बिजली आपूर्ति से नाराज लोगों का गुस्सा शुक्रवार को खुलकर सामने आया। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने युवा समाजवादी नेता अतुल मौर्या के नेतृत्व में एसडीओ विद्युत को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि लगाए गए स्मार्ट मीटर शुरू से ही खामियों से ग्रस्त हैं। मीटर लगने के बाद से बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। रिचार्ज कराने के बावजूद अचानक बिजली कट जाना आम बात बन चुकी है।उपभोक्ताओं का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाल पाए हैं। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के चलते बिलिंग व्यवस्था भी संदेह के घेरे में है। सही खपत की जानकारी नहीं मिल रही, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। तकनीकी जानकारी के अभाव में ग्रामीण और गरीब वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
शिकायती पत्र में मांग की गई है कि स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, खराब मीटरों को तत्काल बदला जाए और बिजली आपूर्ति को सुचारू किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उपभोक्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
अब देखना यह होगा कि ‘स्मार्ट’ मीटरों से जुड़ी समस्याओं पर बिजली विभाग कब तक प्रभावी कदम उठाता है और उपभोक्ताओं को राहत मिलती है।