शाहजहांपुर। निगोही थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव अवधेश सिंह तोमर के नेतृत्व में एसपी को शिकायती पत्र दिया गया और एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।
शिकायती पत्र में कहा गया कि बीती 30 मई को थाना निगोही क्षेत्र के गांव हरपरा के रहने वाले कुंवरपाल सिंह एडवोकेट जजी कचहरी आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम बनासदेवी में राधा स्वामी सत्संग भवन के पास अल्टो कार ने उनको टक्कर मार दी जिससे कुंवरपाल सिंह एडवोकेट को गंभीर चोटें आई। थाना निगोही में तहरीर दी, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बात करने पर निगोही थानाध्यक्ष ने अभद्र व्यवहार किया। थानाध्यक्ष निगोही लगातार अधिवक्ताओं से असम्मानजनक और अमर्यादित व्यवहार करते हैं। इससे अधिवक्ताओं में आक्रोश है। ऐसे में निगोही थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। कहा गया कि एक सप्ताह में थानाध्यक्ष निगोही के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई,तो सेन्ट्रल बार एसोसिएशन धरना-प्रदर्शन को बाध्य होगा जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान महासचिव अवधेश सिंह तोमर के साथ एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पशुपतिनाथ दीक्षित, महेन्द्र पाल, रामजी अवस्थी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
बता दें कि असम्मानजनक व्यवहार को लेकर निगोही थानाध्यक्ष पहले भी चर्चा में रहे चुके हैं। उनके व्यवहार को लेकर इससे पहले निगोही के पत्रकारों ने भी शिकायत एसपी सिटी से की थी।





Visit Today : 76