शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की एक महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया, उसके साथ मारपीट की गई, देवर ने दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर मारपीट की। सादे कागजों पर हस्ताक्षर कराकर फर्जी तलाकनामा टाइप करा लिया। यही नहीं, गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं।थाना सदर बाजार क्षेत्र की महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 22 मार्च 2022 को थाना चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिंजई निवासी सरताज अहमद से उसकी मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी हुई थी। पिता ने हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था। दहेज मिलाकर करीब 35 लाख रुपया शादी में खर्च हुआ था। शादी के कुछ दिनों बाद से ही सरताज अहमद और उसके परिजन अन्य दहेज के डिमांड करने लगे। कहा कि दहेज में एक मकान खरीदकर दिलवाओ। दहेज की मांग पूरी ना होने पर सरताज अहमद और उसके परिजन आएदिन मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। जबरदस्ती सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए और घर से निकाल दिया। इसके बाद उन सादे कागजों पर फर्जी तलाकनामा टाइप करा लिया। जबकि वह हस्ताक्षर समझौते के लिए कराए थे। पीड़िता ने बताया कि उसे बिना तलाक दिए उसके पति सरताज अहमद ने नवंबर 2022 में एक फिजा नाम की लड़की से शादी कर ली, जिससे उसकी एक पुत्री भी है। पुत्री होने के बाद सरताज ने फिजा से तलाक ले लिया और पुत्री को अपने पास रख लिया। इसके बाद सरताज अहमद पीड़िता के घर आया और उसे विदा कराकर अपने घर ले गया। कुछ दिनों बाद सरताज अहमद और उसके परिजनों ने फिर मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने बताया कि 10 अप्रैल 2025 को ससुराल के सभी लोग रिश्तेदारी के कार्यक्रम में गए हुए थे, वो घर पर अकेली थी। इसी दौरान सरताज के भाई आफाक अहमद उर्फ सोनू ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और मारपीट की। शाम को सरताज और उसके परिजन घर आए, तो उसने आफाक अहमद उर्फ सोनू की शिकायत की, तो ससुरालीजनों ने उसे बुरी तरह से मारा-पीटा। कहा कि किसी को कुछ बताया या कोई कार्रवाई की, तो तुम्हें जान से मार देंगे। इसके बाद रात में पति सरताज ने उसे मायके छोड़ दिया। कहा कि ससुरालियों की प्रताड़ना के चलते उसके पिता की मौत हो गई। 30 अप्रैल की रात सरताज अहमद तमंचा लहराते हुए उसके मायके आया और कहा कि कोई उसका कुछ नहीं कर सकता। उसके गुर्गे थाने में बैठे हैं। पीड़िता ने बताया कि 12 जून को महिला थाने गई, वहां सरताज अहमद और उसके भाई इमरान अहमद ने उससे गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की करते हुए कार्रवाई न करने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सरताज अहमद, आफाक अहमद उर्फ सोनू, इमरान अहमद, ससुर अहमद सहित आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, पीड़िता ने बताया कि कोर्ट में 64 के बयान होने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। सरताज अहमद दबंग व्यक्ति है और उसकी राजनीतिक पहुंच भी है। उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताया।