साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत साइबर क्राइम अवेयरनेस एवं हैंडलिंग हेतु प्रशिक्षण
वर्तमान समय में साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम नागरिकों की व्यक्तिगत सुरक्षा, वित्तीय लेनदेन एवं गोपनीय सूचनाओं पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। ऐसे अपराधों की रोकथाम एवं उनसे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का समय-समय पर जागरूक एवं प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है।

पुलिस लाइन, शाहजहाँपुर के सभागार में पुलिस अधीक्षक राजेश डी की अध्यक्षता में साइबर क्राइम अवेयरनेस एवं हैंडलिंग से संबंधित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जनपद के समस्त थानों के प्रभारियों सहित साइबर हेल्प डेस्क पर नियुक्त पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों के उभरते स्वरूप, उनकी विवेचना की आधुनिक तकनीकें, डिजिटल साक्ष्य संकलन एवं साइबर सुरक्षा के नवीनतम उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान साइबर क्राइम के विभिन्न प्रकारों जैसे- ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, सोशल मीडिया अपराध, डार्क वेब अपराधों एवं डेटा प्रोटेक्शन आदि के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी लाइन, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाएं एवं पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराएं।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों को साइबर अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया तथा उन्हें भविष्य में साइबर क्राइम के मामलों को दक्षतापूर्वक हैंडल करने हेतु प्रेरित किया गया