बिना टिकट यात्रियों पर चला रेलवे का चाबुक, शाहजहांपुर स्टाफ ने 46.56 लाख की वसूली कर रचा नया रिकॉर्ड
-लक्ष्य से अधिक राजस्व, कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा ने दिलाया सम्मान

शाहजहांपुर। मंडल रेल प्रबंधक राजकुमार सिंह और मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता के निर्देशन में जून माह में शाहजहांपुर रेलवे स्टाफ ने जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर शिकंजा कसते हुए कुल 46 लाख 56 हजार 945 रुपये का रेल राजस्व एकत्र किया गया। रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, 1809 बिना टिकट यात्रियों से 14 लाख 86 हजार रुपये, 5084 अनियमित यात्रियों से 25 लाख 44 हजार 836 रुपये, गंदगी फैलाने वाले 16 यात्रियों से 2250 रुपये, जबकि 1505 अन्य मामलों से 5 लाख 53 हजार रुपये वसूले गए। इस प्रकार कुल वसूली में 27 लाख 7 हजार 274 रुपये किराया, 18 लाख 80 हजार 133 रुपये पेनाल्टी, और 69 हजार 548 रुपये जीएसटी के रूप में शामिल रहे। अभियान के दौरान अनियमित यात्रा कर रहे कई पुलिसकर्मी, दैनिक यात्री और अवैध वेंडर भी चेकिंग स्टाफ के निशाने पर आए। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। हर महीने की तरह इस बार भी नरमू नेता व मुख्य टिकट निरीक्षक नरेंद्र कुमार त्यागी ने अपनी मेहनत से परचम लहराया। उन्होंने अकेले 524 यात्रियों से 2 लाख 96 हजार 545 रुपये की वसूली कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। प्रदीप कुमार ने 381 यात्रियों से 2 लाख 35 हजार 100 रुपये, मनीष उपाध्याय ने 436 यात्रियों से 2 लाख 16 हजार रुपये, रोशन जायसवाल ने 364 यात्रियों से 1 लाख 77 हजार रुपये, सुधा मिश्रा ने 174 यात्रियों से 1 लाख 65 हजार रुपये वसूले। स्टेशन अधीक्षक पीएस तोमर, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके ठाकुर, और मुख्य टिकट निरीक्षक कृष्णकांत ने संयुक्त रूप से बताया कि शाहजहांपुर स्टाफ ने लक्ष्य से अधिक आय अर्जित कर अपनी कर्तव्यनिष्ठा और प्रशंसनीय कार्यशैली का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, जिससे रेलवे को आय में बढ़ोतरी और यात्रियों में नियम पालन की भावना विकसित हो सके।