यूपी के‌ शाहजहांपुर। शहर के यातायात को सुगम बनाने और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए अंटा चौराहा से केरूगंज बांस मंडी तक ग्रीन रोड के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। इसके निर्माण से हनुमत धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ शहरवासियों को भी जाम और जर्जर सड़क से राहत मिलेगी। परियोजना के तहत सड़क का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा। दोनों ओर एक से दो मीटर चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे। इसके अलावा भूमिगत यूटिलिटी डक्ट के माध्यम से सीवर लाइन, पेयजल पाइपलाइन, बिजली और इंटरनेट केबल बिछाई जाएंगी, जिससे भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सड़क किनारे पौधरोपण और आकर्षक एलईडी लाइटें भी लगाई जाएंगी। हालांकि परियोजना के सामने सबसे बड़ी चुनौती अंटा चौराहा से बांस मंडी तक फैला अतिक्रमण है। कई स्थानों पर सड़क संकरी होने के साथ मार्ग में बने मकान और मैरिज लॉन निर्माण कार्य में बाधा बन रहे हैं। ऐसे में नगर निगम को निर्माण शुरू करने से पहले विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाना होगा। नगर निगम ने ग्रीन रोड निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, हनुमत धाम तक पहुंचना आसान होगा और शहर के सौंदर्यीकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।