शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैतृक जमीन का धोखाधड़ी से बैनामा कराने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मोहम्मद शकील पुत्र वाहिद उल्ला निवासी मोहल्ला बरादरी, ईदगाह रोड, थाना सदर बाजार के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर दर्ज मुकदमा संख्या 193/2026 में कार्रवाई की गई। आरोप है कि उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर वादी की पैतृक जमीन के संबंध में कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और वास्तविक मालिक की जगह दूसरे व्यक्ति को मालिक दर्शाकर फर्जी तरीके से बैनामा करा दिया। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 420, 467, 468 एवं 471 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है।
रविवार को थाना सदर बाजार पुलिस वांछित अभियुक्त की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी छोटा कुतबां के पीछे स्थित खंडहर के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को उसके विरुद्ध दर्ज मुकदमे की जानकारी देते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






Visit Today : 665