निगोही (शाहजहांपुर)। रास्ता पूछने के बहाने महिला से सोने का झुमका झपटकर फरार हुए दो युवकों को निगोही पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से झुमका, मोबाइल फोन, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार निगोही-शाहजहांपुर मार्ग पर चीनी मिल के निकट स्थित मंदिर के सामने बैठी एक महिला के पास बाइक सवार दो युवक पहुंचे और निगोही का रास्ता पूछने लगे। बातचीत के दौरान एक युवक ने महिला के कान से सोने का झुमका झपट लिया और साथी के साथ मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपितों को ढकिया तिवारी गौशाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चांद (24) और महमूद (20) निवासी रामपुर ताहरपुर, थाना सिंधौली के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला का झपटा गया झुमका, दो मोबाइल फोन, एक 315 बोर का अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपित मजदूरी का काम करते हैं, लेकिन जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने झपटमारी की घटना को अंजाम दिया। झुमका बेचने की तैयारी थी, इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में दर्ज मुकदमे में बरामदगी के बाद आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नितिन कुमार, कांस्टेबल देवेश कुमार, रिक्रूट कांस्टेबल सुमित कुमार और दीपांशु शामिल रहे।