शाहजहांपुर। खुटार थाना क्षेत्र में मुफ्त में पुड़िया देने से मना करना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक ने दुकानदार पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा बरामद किया। गांव ढकना लहिया निवासी राकेश कुमार की परचून की दुकान पर गांव का ही कपिल कुमार पुड़िया लेने पहुंचा था। आरोप है कि कपिल ने मुफ्त में पुड़िया मांगी। दुकानदार के मना करने पर उसने तमंचा निकालकर राकेश पर तान दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद राकेश आरोपी को तमंचे समेत थाने ले गया और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने कपिल कुमार (23) पुत्र जगतपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 352, 351(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार और हेड कांस्टेबल दिनेश सिंह यादव शामिल रहे।