शाहजहांपुर। मेडिकल कॉलेज में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड पर पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर पत्रकार अंकित कुमार वर्मा ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, अंकित कुमार वर्मा ब्यूरो चीफ भारत समाचार लाइव ग्राम बड़ाबन पोस्ट मूर्छा थाना सिंधौली के निवासी हैं। उनका कहना है कि 28 सितंबर को दोपहर करीब 1:10 बजे वह अपनी ताई की दवाई दिलाने मेडिकल कॉलेज की फार्मेसी गए थे। आरोप है कि इसी दौरान मेडिकल कॉलेज के एक सिक्योरिटी गार्ड ने उनके साथ गाली-गलौज की और डंडा चलाने का प्रयास किया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आपत्ति जताने पर चार-पांच सिक्योरिटी गार्ड उन्हें फार्मेसी से प्रधानाचार्य कार्यालय तक गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करते हुए ले गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना से संबंधित पूरा रिकॉर्ड मेडिकल कॉलेज के सीसीटीवी कैमरों में कैद है।
पत्रकार ने मामले की जानकारी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य को भी देने की बात कही है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद गार्ड के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।अंकित कुमार वर्मा ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाकर मीडिया के सामने कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार न हो।





Visit Today : 476