अल्हागंज पुलिस ने घर पर दबिश देकर पकड़ा, घटना में प्रयुक्त 315 बोर की बंदूक का बट टूटा मिला

शाहजहांपुर। अल्हागंज थाना क्षेत्र में फायरिंग के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी 315 बोर की बंदूक और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। बंदूक का बट टूटा हुआ है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। अल्हागंज के मोहल्ला दखिनौआ निवासी सुमित पुत्र रोहित कुमार ने 30 सितंबर को पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें मोहल्ले के ही बृजेश उर्फ नन्हुकू पुत्र आत्माराम पर मारपीट, धमकी देने और फायरिंग समेत अन्य आरोप लगाए गए थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। उपनिरीक्षक ओमपाल सिंह ने हमराही पुलिसकर्मियों के साथ आरोपित के घर दबिश दी, जहां वह मौजूद मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त un लाइसेंसी बंदूक और खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 27/30 की बढ़ोतरी करते हुए आरोपित को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ओमपाल सिंह, मुख्य आरक्षी धीरज सिंह और आरक्षी प्रवेश कुमार शामिल रहे।