शाहजहांपुर। मारपीट के बाद युवक की मौत के मामले में थाना सदर बाजार पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बहादुरपुरा स्थित पुराने पोस्टमार्टम हाउस के पास से दबोचकर न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में 3 फरवरी 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही थी। आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर अभिषेक (19) निवासी शिवपुरी नवदिया, थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत, हाल निवासी बहादुरपुरा, शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे 270 रुपये और आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद हुई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।






Visit Today : 571