शाहजहांपुर। सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला मामूड़ी निवासी 70 वर्षीय मोहम्मद अहमद की बुधवार को मोहनगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास मालगाड़ी के इंजन की चपेट में आने से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद अहमद को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वह कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष फुरकान अहमद कुरैशी के पिता थे। बताया गया कि बुधवार सुबह मोहम्मद अहमद रेलवे क्रॉसिंग के पास लगने वाली सब्जी मंडी में खरीदारी करने गए थे। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के समीप मालगाड़ी के इंजन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी लोको पायलट ने रेलवे अधिकारियों को दी, जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही फुरकान अहमद कुरैशी भी परिजनों और समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल पिता को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद दोपहर करीब ढाई बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फुरकान अहमद कुरैशी ने बताया कि करीब दो माह पहले उनके पिता पर एक सांड़ ने हमला कर दिया था, जिससे वह घायल हो गए थे। उनकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। मोहम्मद अहमद के निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेताओ और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, जिला महामंत्री गौरव त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खां समेत कई नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया।