राजधानी पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के कुर्जी मोड़ स्थित एक रिजॉर्ट में प्रेमी युगल ठहरे। दोनों सुपौल से भागकर पटना पहुंचे थे। पांच घंटे तक साथ रहने के बाद उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की। इससे रिजॉर्ट में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार प्रेमी जोड़ा सुपौल जिले का रहने वाला है। दोनों शनिवार दोपहर एक बजे पटना के एक रिजॉर्ट में पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक कमरा बुक किया। 23 साल के अजय और 21 साल की चंचल ने कमरे में आराम किया। इसके बाद उन्होंने ब्लेड की तेज धार से अपने गले और शरीर के कई हिस्सों को काट दिया।
जैसे ही दोनों की आवाज कमरे से बाहर निकली रिसॉर्ट के कर्मचारी घबरा गए और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। फिलहाल घटना के पीछे का स्पष्ट कारण पता नहीं चला है। लेकिन बताया जा रहा है कि प्यार में आ रही बाधा के कारण उन्होंने आत्महत्या करने का फैसला लिया। वहीं पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचित कर दिया है। वे पटना के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।








Visit Today : 423