यूपी के शाहजहांपुर का टायर व्यापारी रवि अरोड़ा निकला मास्टरमाइंड, ₹3.24 लाख के जाली नोट बरामद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली करेंसी के एक सक्रिय रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी एक टायर व्यापारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 3 लाख 24 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं।मुख्य आरोपी और भूमिकाएँ दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रवि अरोड़ा (टायर व्यापारी, शाहजहांपुर) इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड है। अन्य दो गिरफ्तार व्यक्ति में विवेक मौर्या शाहजहांपुर निवासी नकली नोट छापने का काम करता था। वहीं दिल्ली के विजयनगर निवासी राकेश अरोड़ा जाली नोटों को बाजार में खपाने वाला है
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि विवेक मौर्या, जो शाहजहांपुर का रहने वाला है, वहीं पर नकली नोट छापने का काम करता था। विवेक ने पूछताछ में कुबूल किया है कि वह एक दिन में लगभग 30 से 40 नकली नोट प्रिंट कर लेता था। पुलिस के आकलन के अनुसार, यह गिरोह इस गति से एक महीने में करीब 6 से 7 लाख रुपये के नकली नोट तैयार कर लेता था।संयुक्त पुलिस आयुक्त के मुताबिक, मास्टरमाइंड रवि अरोड़ा अप्रैल माह से ही अपने साथी विवेक मौर्या के साथ मिलकर यह अवैध धंधा संचालित कर रहा था।
गिरोह के तीसरे सदस्य राकेश अरोड़ा की भूमिका जाली नोटों को बाजार में उतारने की थी। राकेश ‘फ्रंटलाइन वर्कर’ के रूप में काम करता था। वह 5 हज़ार रुपये के असली नोटों के बदले 10 हज़ार रुपये की फेक करेंसी लेता था और उसे आगे लोगों तक पहुँचाता था।
पुलिस टीम अभी इस मामले में और नकली करेंसी बरामद करने और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुँचने के लिए जांच कर रही है।







Visit Today : 511