शाहजहांपुर। महिला पुलिसकर्मियों व थाने पर आने वाले आगंतुकों के बच्चों के लिए अब सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान की व्यवस्था हो गई है। थाना सिंधौली में नव-निर्मित बाल मित्र केन्द्र/शिशु गृह का शनिवार को पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने थाने के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिशु गृह में बच्चों के खेलने, बैठने और आराम करने की अलग व्यवस्था की गई है, ताकि थाने के कामकाज के दौरान बच्चों को असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक ने केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल महिला कर्मियों को तनावमुक्त माहौल देने के साथ-साथ थाने पर आने वाले लोगों के बच्चों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगी। निरीक्षण के दौरान एसपी ने परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, बीट सूचना प्रणाली और अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सार्वजनिक सुविधा से जुड़े प्रयासों को आगे भी बेहतर बनाने पर जोर दिया। पुलिस विभाग का यह प्रयास महिला पुलिसकर्मियों और आमजन दोनों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।






Visit Today : 621