–ऑनलाइन उपस्थिति व गैर विभागीय कार्यों के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन
शाहजहांपुर। ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली और सचिवों से कराए जा रहे गैर विभागीय कार्यों के विरोध में विकास खंड भावलखेड़ा के ग्राम पंचायत सचिवों ने शुक्रवार सुबह विकास खंड कार्यालय पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे सभी सचिव काली पट्टी बांधकर कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। सचिवों का कहना है कि उन्हें एक साथ कई ग्राम पंचायतों का चार्ज दिया गया है। ऐसे में सभी गांवों में एक ही समय पर पहुंचना संभव नहीं है, जबकि ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। इससे उनके नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सचिवों ने बताया कि उनसे लगातार गैर विभागीय कार्य भी कराए जा रहे हैं, जिसके कारण विभागीय कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है। प्रदर्शन के दौरान सचिवों ने मांग रखी कि ऑनलाइन उपस्थिति की बाध्यता समाप्त की जाए और गैर विभागीय कार्यों से सचिवों को मुक्त किया जाए। विरोध प्रदर्शन में सौरभ गुप्ता, प्रवीण कुमार, उदयवीर सिंह वर्मा, उमाशंकर शर्मा, शशि शेखर शुक्ला, बिरला देवी, कृष्ण गोपाल, प्रज्ञा गुप्ता, विवेक कुमार सहित कई सचिव मौजूद रहे।







Visit Today : 590