हुल्लापुर रामगंगा पुल पर बड़ा हादसा, ट्रक रेलिंग तोड़कर लटका

–घंटों जाम से आम जनजीवन हुआ प्रभावित

शाहजहाँपुर। हुल्लापुर रामगंगा पुल पर सोमवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए आधा लटक गया। हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि जलालाबाद अल्लाहगंज मार्ग से लेकर जैनापुर चौराहा तक वाहनों का पहिया थम गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गईं। भारी वाहन फंसे होने और रास्ता संकरा होने के कारण जाम खुलने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोग और राहगीर घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और फिलहाल वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि राहत कार्य सुचारू रूप से चल सके। पुलिस ट्रक को सुरक्षित हटाने और यातायात बहाल करने का प्रयास लगातार कर रही है।