शाहजहांपुर। जिला कबड्डी एसोसिएशन एवं जिला ओलंपिक संघ की संयुक्त बैठक एवं ट्रायल के उपरांत जिला बालिका कबड्डी टीम का चयन कर प्रेस सूचना जारी की गई। बैठक में दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों की उपस्थिति में शाहजहांपुर में प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित कराने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। ट्रायल के बाद स्टेट प्रतियोगिता के लिए 14 सदस्यीय जिला बालिका टीम का चयन किया गया, जिसमें अनुष्का, कुंती, आलिया, प्राची, शीतल, बसंती, प्रिया, सलोनी, शोभना, गीतिका, त्रिशला, महजबी, वंदना सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। इस अवसर पर जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संजीव कनौजिया ने बताया कि जिले के इतिहास में पहली बार 52वीं जी.एल. कनौजिया (पूर्व सांसद) मेमोरियल महिला प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता 16 व 17 दिसंबर 2025 को राजकीय इंटर कॉलेज, खिरनीबाग के खेल मैदान में संपन्न होगी। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस टीम सहित प्रदेश भर की कुल 16 टीमें प्रतिभाग करेंगी। उन्होंने कहा कि यह शाहजहांपुर के लिए गर्व का विषय है और सभी पदाधिकारियों को आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए। जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विनय गुप्ता ने कहा कि यह प्रतियोगिता जिले के खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर है, जिससे उन्हें उच्च स्तरीय खिलाड़ियों का खेल देखने और सीखने का मौका मिलेगा। जिला ओलंपिक संघ के सचिव नरेंद्र त्यागी ने प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर कार्ययोजना प्रस्तुत की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव एवं प्रो कबड्डी ऑफिशियल राहुल तोमर ने बताया कि यह प्रतियोगिता पूर्व सांसद एवं समाजसेवी स्वर्गीय डॉ. जी.एल. कनौजिया की स्मृति में आयोजित की जा रही है, जो शाहजहांपुर में कबड्डी के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी जगत की कई नामी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। कबड्डी विश्व कप विजेता भारतीय टीम के कुछ स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन 16 दिसंबर को प्रातः 11 बजे किया जाएगा। बैठक में विश्वनाथ प्रताप सिंह, मुदित सेठ, अजय पाल, पंकज सक्सेना, मुजाहिद, संजय, प्रेमपाल सिंह, सचिन प्रेमी, विपिन अग्निहोत्री, कोच निशांत चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।








Visit Today : 436