बरेली। नामी कंपनियों के महंगे जूतों को महज 999 रुपये में बेचने का खेल आखिरकार भारी पड़ गया। Reebok, New Balance, Adidas और Puma जैसी ब्रांडेड कंपनियों के 10 से 12 हजार रुपये कीमत वाले जूतों को सस्ते दामों पर बेचे जाने की जानकारी जब एक जागरूक व्यक्ति को हुई, तो उसने सीधे संबंधित ओरिजिनल कंपनी को ई-मेल कर शिकायत कर दी। शिकायत मिलते ही कंपनी हरकत में आई और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया गया। अगले ही दिन कार्रवाई की भनक लगते ही बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित निहाल स्पोर्ट्स शोरूम के संचालक पूरी दुकान समेत गायब हो गए। जब पुलिस और संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं, तो शोरूम बंद मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शोरूम में बेचे जा रहे जूते नकली थे और ग्राहकों को ब्रांडेड बताकर ठगा जा रहा था। इस मामले में दुकानदार के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों को धारा 420 के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। बारादरी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार दुकानदार की तलाश जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली माल की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक सस्ते दामों पर मिलने वाले ब्रांडेड सामान से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।






Visit Today : 361