शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानन्द कॉलेज के शिक्षक शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की नियमावली के अनुरूप बीएड प्रशिक्षुओं ने भाषा अनेक भाव एक शीर्षक के अंतर्गत भाषा वृक्ष निर्माण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने चार्ट एवं मॉडल के माध्यम से भारतीय भाषा वृक्ष का निर्माण कर देश के विभिन्न राज्यों की भाषाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षक शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अमित गुप्ता के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. अवनीश मिश्र, सचिव, स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज ने विभिन्न भाषाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के सर्वांगीण विकास के लिए बहुभाषाओं का ज्ञान आवश्यक है। उन्होंने एनसीटीई के विशेष अभियान एवं भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की इस पहल की सराहना की तथा बताया कि यह कार्यक्रम महाकवि सुब्रह्मण्यम भारती की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। स्वागत भाषण में विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. प्रभात शुक्ला ने एनसीटीई द्वारा संचालित विशेष कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रशिक्षुओं से ऐसे शैक्षणिक व रचनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. अमीर सिंह यादव, प्रधानाचार्य, स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज ने प्रशिक्षुओं के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि भाषाओं का जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। विभिन्न राज्यों की भाषाएं भले ही अलग हों, लेकिन सभी की भावनात्मक एकता समान है। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) मीना शर्मा, डॉ. शैलजा मिश्र, डॉ. राहुल कुमार, सुश्री रेनू बहुखण्डी, डॉ. अखिलेश तिवारी, डॉ. संजय कुमार, रामअवतार सिंह, सौरभ कुमार मिश्र, रोहित सिंह एवं डॉ. प्रियंका शर्मा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सहायक प्रोफेसर डॉ. बृज निवास ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।






Visit Today : 269