यूपी के शाहजहांपुर) जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जरियनपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं, संसाधनों और व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन कर प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, रोगों की प्रकृति और उपचार की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दंत चिकित्सक कक्ष, एक्स-रे कक्ष, दवा वितरण कक्ष, जांच कक्ष सहित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक्स-रे तकनीशियन ने बिजली आपूर्ति में समस्या की जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर व छतों की साफ-सफाई दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीएचसी में उपचार के लिए आए मरीजों से सीधे संवाद कर दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों व स्टाफ के व्यवहार तथा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को प्राथमिकता पर समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अस्पतालों में साफ-सफाई, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, जांच सुविधाओं की सुचारु व्यवस्था और मरीजों के प्रति मधुर व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चिकित्सकीय स्टाफ को निर्देशित किया कि ओपीडी संचालन, दवा वितरण और जांच प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा मरीजों को किसी भी तरह की असुविधा न होने पाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








Visit Today : 780