शाहजहांपुर। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में मंगलवार को विश्व हिंदू रक्षा सेना की ओर से शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल शुक्ला के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर बांग्लादेशी हिंदुओं की सुरक्षा की मांग उठाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल शुक्ला ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रही घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने भारत सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की। कहा कि यदि हालात जल्द सामान्य नहीं होते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री के माध्यम से पीड़ित हिंदुओं को भारत लाने की दिशा में ठोस पहल की जानी चाहिए, ताकि वे सुरक्षित जीवन जी सकें। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। इस मौके पर संगठन के जिला अध्यक्ष अंश दीक्षित, महानगर अध्यक्ष अक्षय कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन में ऋषभ कुमार, अमन कुमार, आयुष मिश्रा, आर्यन द्विवेदी, अभिषेक दीक्षित, पुलकित शुक्ला, अंकुर ब्रजलाल पंडित, पंकज, राज, अजय राठौर, सागर, सूरज, विकास राठौर, दिनेश, मुकेश राठौर सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।