-पुलिसकर्मियों से अभद्रता व मारपीट के आरोपी भेजे गए जेल

शाहजहांपुर। नगरिया मोड़ स्थित होटल ‘ब्रादर्स इन’ में घुसकर भाजपा नेता एवं पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। बताया गया कि बीते शुक्रवार की रात भाजपा नेता दिवाकर सिंह उर्फ पंकज के होटल में कुछ युवक घुस आए थे और जमकर उत्पात मचाया था। आरोपियों ने होटल में तोड़फोड़ करने के साथ भाजपा नेता एवं उनके साथियों के साथ मारपीट की। इस दौरान मौके पर मौजूद सरकारी गनर राहुल चौधरी और पुलिसकर्मी सुमित के साथ भी अभद्रता की गई। आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी खींचने का प्रयास किया और गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी में लगाया गया था। रविवार रात सदर बाजार क्षेत्र में ए.के. ज्वैलर्स के पास से पुलिस ने दो नामजद आरोपियों योगेश कदम और आयुष मराठा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि इस प्रकरण में अभी तीन अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।