शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार देर रात निगोही स्थित डालमिया भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड की शुगर यूनिट का औचक निरीक्षण किया। रात्रि करीब 11:15 बजे हुए निरीक्षण के दौरान मिल यार्ड में ओवरलोड ट्राले खड़े पाए गए। जिलाधिकारी ने इसे सड़क सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन मानते हुए कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए किसी भी स्थिति में ट्रालों में गन्ने की ढुलाई न की जाए। इसके बावजूद निर्देशों का पालन न किए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को विधिक कार्रवाई कर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गन्ना तौल के लिए प्रतीक्षारत किसानों के विश्रामालय की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। कई किसान फर्श पर सोते पाए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि 19 दिसंबर को पूर्व निरीक्षण के दौरान भी इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन मिल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने जुर्माना लगाते हुए किसानों के ठहरने, पेयजल, प्रसाधन और ठंड से बचाव के लिए मिल यार्ड में अलाव की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान किसानों ने भी अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। ग्राम गिरगिचा निवासी किसान धरवेंद्र सिंह ने एसएमएस पर्चियों के निर्गमन और तौल के लिए दी जाने वाली अवधि अत्यल्प होने की शिकायत की। वहीं ग्राम नकटिया निवासी किसान शिवम ने गन्ना तौल में आठ घंटे तक प्रतीक्षा कराए जाने की बात कही। जिलाधिकारी ने इन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी तथा चीनी मिल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार, उप संभागीय परिवहन अधिकारी सर्वेश कुमार सिंह एवं जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र उपस्थित रहे।