शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधीपुर इलाके में गौ रक्षक दल के जिला उपाध्यक्ष अंकित अवस्थी पर घेरकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में अंकित अवस्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद व 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अंकित अवस्थी निवासी नई बस्ती रेती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सालिया गौशाला से होते हुए अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लोधीपुर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों के पहुंचने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। अंकित अवस्थी ने अपनी तहरीर में चार लोगों की पहचान की है, जबकि 20-25 अन्य हमलावरों को अज्ञात बताया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना रोजा प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अन्य आरोपितों की पहचान की जा सके। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।