कोतवाली में हंगामा: जातिसूचक गाली-गलौज मामले में कार्रवाई न होने पर जुटी भीड़

–मुकदमा दर्ज करने का मिला आश्वासन

शाहजहांपुर। सड़क निर्माण को लेकर हुए विवाद में अनुसूचित जाति की एक महिला के साथ गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा शाम करीब चार बजे थाना कोतवाली में तहरीर दिए जाने के बावजूद तत्काल कार्रवाई न होने पर आक्रोश फैल गया। कार्रवाई न होने से नाराज समाज के नेता रामनिवास वाल्मीकि, दिनेश कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए और मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। पुलिस द्वारा केवल जांच किए जाने की बात कहे जाने से नाराजगी और बढ़ गई तथा कोतवाली गेट पर हंगामे की स्थिति बन गई। इसी बीच हिंदू संगठनों के नेता राजेश अवस्थी और राहुल शुक्ला सहित कई पदाधिकारी भी कोतवाली पहुंच गए, जिससे वहां मौजूद भीड़ और बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया और मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और धीरे-धीरे अपने-अपने घर लौट गए। फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस अपने आश्वासन पर कब तक कार्रवाई करती है।