शाहजहाँपुर। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न बिंदुओं पर ध्यान आकृष्ट कराया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शहर के कुछ स्थानों पर स्थित मस्जिदों में बाहर से आने वाले लोगों को ठहरने की सुविधा दी जा रही है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मोहल्ला तारीन टिकली स्थित मोहन नर्सिंग होम के सामने, मोहल्ला चार खम्भा चौराहा के पास तथा रेलवे स्टेशन शाहजहाँपुर के सामने स्थित मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोग ठहरते हैं और इसके बदले उनसे शुल्क भी वसूला जाता है। आरोप है कि संबंधित मस्जिदों की प्रबंध समितियों द्वारा अब तक सराय अधिनियम के तहत पंजीकरण नहीं कराया गया है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जनपद में ऐसे सभी धार्मिक स्थलों की जांच कराई जाए, जहां ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध है, उनकी सूची तैयार की जाए तथा उन्हें सराय अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक नियमों के अंतर्गत पंजीकृत कराया जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पंजीकरण होने से बाहर से आने वाले लोगों का विवरण प्रशासन के पास उपलब्ध रहेगा, जिससे आपात स्थितियों में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम में मदद मिल सकेगी। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।






Visit Today : 294