शाहजहांपुर। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत मेरा युवा भारत शाहजहांपुर के तत्वावधान में यातायात पुलिस व मानवता वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त सहयोग से रविवार को हरदोई बाईपास पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना रहा।
अभियान के दौरान यातायात प्रभारी विनय पांडे व पीटीओ आरपी गौतम ने वाहन चालकों और राहगीरों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से घने कोहरे के मौसम में होने वाली दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने, लाइट का सही प्रयोग करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
इस अवसर पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए, जिससे रात्रि व कोहरे के समय उनकी दृश्यता बनी रहे। बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को समझाइश देकर हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया, वहीं यातायात नियमों का पालन कर रहे वाहन चालकों की सराहना भी की गई। मेरा युवा भारत से सोनम सचान व नमामि गंगे परियोजना के अधिकारी विनय सक्सेना भी अभियान में मौजूद रहे। मानवता वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक अमित श्रीवास्तव के साथ सदस्य दिव्यांशी मिश्रा, अनुराधा पांडे, शैलेंद्र, रुद्र प्रताप, हिमांशु व देवेश ने पंपलेट वितरित कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। अभियान के माध्यम से आमजन को सुरक्षित व जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।







Visit Today : 463