सड़क सुरक्षा माह स्कूली वाहनों का निरीक्षण, चार में मिलीं कमियां

–एआरटीओ हरिओम कुमार ने स्कूलों में पहुंचकर स्कूली वाहनों का किया निरीक्षण

यूपी के शाहजहांपुर। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनिवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 58 स्कूली वाहनों की जांच की गई। निरीक्षण में चार स्कूली वाहनों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं। एक वाहन में इंडिकेटर और बैक लाइट ठीक से कार्य नहीं कर रही थी, जबकि एक अन्य वाहन में अग्निशमन सिलेंडर नहीं पाया गया। इसके अलावा दो वाहनों की हेडलाइट खराब मिली। संबंधित कमियों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय में कमियां दूर न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और स्कूली वाहनों में सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। सड़क सुरक्षा माह के दौरान ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।