शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को स्वच्छ भारत अभियान के प्रणेता एवं मानवता के महान उपासक संत शिरोमणि गाडगे महाराज की जयंती जनपद शाहजहांपुर के बिजलीपुरा स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संत गाडगे महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान ने की। गोष्ठी में संत गाडगे महाराज के सामाजिक योगदान पर विस्तार से चर्चा हुई।
सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि संत शिरोमणि गाडगे महाराज एक महान भारतीय संत और समाज सुधारक थे। उनका मूल नाम देवीदास डेबूजी जाणोरकर था। वे अपने साथ हमेशा झाड़ू और मिट्टी का पात्र रखते थे, इसी कारण उन्हें ‘गाडगे बाबा’ कहा गया। उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता, अंधविश्वास उन्मूलन और गरीबों की सेवा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। पूर्व विधायक राजेश यादव ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा उनके सम्मान में ‘संत गाडगे बाबा ग्राम स्वच्छता अभियान’ चलाया जा रहा है तथा अमरावती विश्वविद्यालय का नाम बदलकर ‘संत गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय’ रखा गया है। उन्होंने बताया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संत गाडगे महाराज को ज्योतिबा फुले के बाद सबसे बड़ा त्यागी और जनसेवक बताया था। पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि संत गाडगे महाराज अपने कीर्तनों के माध्यम से ‘दशसूत्री’ का उपदेश देते थे, जिसमें भूखों को अन्न, प्यासों को पानी, गरीबों को शिक्षा और बेघरों को आश्रय देने जैसे मानवीय संदेश शामिल थे। कार्यक्रम में सपा जिला महासचिव रंणजय सिंह यादव, प्रदेश सचिव रामसूरत यादव व विजय सिंह, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश प्रमुख महासचिव सैयद रिजवान अहमद, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल, जिला पंचायत सदस्य नीरज मिश्रा, महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव गायत्री वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








Visit Today : 387