–मौके से 16 बाइक व चार मोबाइल बरामद
शाहजहाँपुर। जनपद में जुए के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रोजा पुलिस ने ग्रामसभा मानपुर चचरी जंगल के पास छापेमारी कर चार लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से कुल ₹3.98 लाख नकद, 16 मोटरसाइकिलें, चार मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद कर सीज किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के नेतृत्व में 27 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:40 बजे की गई। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपितों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में दिनेश यादव (40) निवासी मुकरमपुर रहीमपुर, मोहम्मद जैन (30) निवासी लोधीपुर, दिनेश मौर्या (46) निवासी रोशनगंज तथा कल्लू उर्फ आरिफ (55) निवासी सिसोरा नासिर, लखीमपुर खीरी शामिल हैं। मौके से एक प्लास्टिक कट्टे में रखी ₹3,11,500 की नकदी माल फड़ के रूप में बरामद की गई, जबकि चारों की जामा तलाशी से ₹86,800 मिले। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते, तीन एंड्रॉयड और एक कीपैड मोबाइल फोन जब्त किए गए। मौके पर खड़ी 16 मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना रोजा में मु0अं0सं0 88/26 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक कुछ आरोपितों पर पहले से भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध जुआ, शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






Visit Today : 269