यूपी के‌ शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। कपसेड़ा गांव में बिस्किट खरीदने गए 7 साल के बच्चे को दुकानदार ने एयर गन (चिड़िया मारने वाली बंदूक) से गोली मार दी। गोली का छर्रा बच्चे के बाएं कान के नीचे लगने से वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घायल बच्चे को निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया गया कि कार्तिक शर्मा उर्फ कान्हा शर्मा अपने मामा रामू शर्मा के घर रहकर पढ़ाई करता है। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वह गांव की किराने की दुकान पर बिस्किट खरीदने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दुकानदार से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में दुकानदार ने एयर गन से फायर कर दिया, जिसका छर्रा सीधे बच्चे को जा लगा। घटना के वक्त बच्चे के मामा रामू शर्मा भी मौके पर मौजूद थे। गोली लगते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायल कार्तिक को वरुण अर्जुन मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। मामा रामू शर्मा ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ थाने में तहरीर देकर जान से मारने की नियत से गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि बच्चे को एयर गन से निकले छर्रे से चोट लगी है। उसका इलाज चल रहा है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है, जिसकी जांच कराई जा रही है।