यूपी के‌ शाहजहांपुर। ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शाहजहांपुर पुलिस ने मंगलवार शाम जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। प्रेशर हॉर्न, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ की गई सघन चेकिंग में पुलिस ने 292 वाहनों का चालान किया, जबकि तीन वाहनों को सीज कर दिया। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी यातायात शुभम वर्मा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस के साथ सदर बाजार, कोतवाली, रोजा और आरसी मिशन थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। शाम छह बजे से रात 10 बजे तक शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान प्रेशर हॉर्न और हूटर लगे 11 वाहनों तथा मॉडिफाइड साइलेंसर वाले 10 वाहनों के चालान किए गए। गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर तीन वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज भी किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया। वाहन चालकों को सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। दुपहिया वाहन चालकों को हेल्मेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी गई। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रेशर हॉर्न, हूटर और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले अन्य उपकरणों का प्रयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।