–पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि फाइलेरिया रोधी दवा अवश्य खाएं
–पुलिस लाइन में 16 फरवरी को पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को खिलाई जाएगी दवा
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 10 से 25 फरवरी तक एमडीए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस अधीक्षक राजेश एस व उनके परिवार के सदस्यों को उनके आवास पर जाकर फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया। पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर जनपद के चारों ब्लॉकों भावलखेड़ा, तिलहर, जलालाबाद, मिर्जापुर और नगर क्षेत्र की जनता से अपील की कि सभी व्यक्ति अभियान के दौरान जब टीम आपके घर फाइलेरिया से बचाव की दवा लेकर आए तो टीम के समक्ष फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी (रविवार) को पुलिस लाइन में निवास कर रहे पुलिस विभाग के सभी पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जाएगी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक स्वयं पुलिस लाइन में जानकारी प्रचारित कराएंगे और सुनिश्चित करेंगे कि पुलिस लाइन में रहने वाले समस्त परिवार फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अवश्य करें।
इस अवसर पर मौजूद अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. मनोज मिश्रा ने बताया कि लिम्फेटिक फाइलेरियासिस एक गंभीर बीमारी है जो मच्छरों के काटने से फैलती है। इस बीमारी के कारण पैर, हाथ, स्तन व जननांगों में सूजन आ जाती है, जिससे व्यक्ति को विकलांगता का सामना करना पड़ता है। फाइलेरिया के लक्षण संक्रमण होने के 5 से 15 वर्षों के बाद नजर आते हैं, एक बार बीमारी हो जाने पर इसका कोई इलाज नहीं है। ऐसे में बचाव ही इसका एकमात्र उपाय है। सर्वजन दवा सेवन अभियान में खिलाई जा रही दवाओं के सेवन से इसे रोका जा सकता है।
जिला मलेरिया अधिकारी राजीव मौर्या ने बताया कि एमडीए अभियान के तहत, स्वास्थ्य कार्यकर्ता चयनित चारों ब्लॉक और नगर क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया रोधी दवाएं (डीईसी और एल्बेंडाजोल) खिला रहे हैं। दवा सिर्फ दो साल से कम उम्र के बच्चे, गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति और गर्भवती को नहीं खानी है। यह दवाएं पूरी तरह से सुरक्षित हैं और इनका कोई दुष्प्रभाव नहीं होता है।