शाहजहाँपुर, उत्तर प्रदेश: सेवा भारती शाहजीपुर महानगर, ब्रज प्रांत द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव एवं होली मिलन कार्यक्रम में समाज सेवा और भाईचारे के साथ-साथ बच्चों की प्रतिभा का भी अद्भुत संगम देखने को मिला। सरस्वती शिशु मन्दिर, सिंजई शाहजहाँपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सेवा बस्तियों के लगभग 350 बच्चों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सत्य प्रकाश मिश्र (सत्यानन्द हॉस्पिटल) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. दीपा दीक्षित (के. एल. मेमोरियल हॉस्पिटल) ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री कृष्ण चंद्र जी उपस्थित थे।कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों और गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए श्री कृष्ण चंद्र जी ने भगवान राम, श्याम और माता सीता के गुणों का बखान किया। उन्होंने महानगर में सेवा भारती द्वारा संचालित 19 केंद्रों की सराहना की, जो गरीब और पिछड़े बच्चों की शिक्षा और विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में कोई भी गरीब नहीं रहना चाहिए, क्योंकि हमारे पास जो कुछ भी है, वह भगवान और समाज का है।

उन्होंने सेवा भाव के महत्व पर जोर दिया। शहीद दिवस के अवसर पर, उन्होंने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के जीवन पर प्रकाश डाला और सभी को देश सेवा के लिए प्रेरित किया। होली के त्योहार के महत्व को बताते हुए, उन्होंने भक्त प्रहलाद, होलिका और हिरण्यकश्यप की कहानी सुनाई।उन्होंने वर्तमान में ईसाई मिशनरियों द्वारा किए जा रहे धर्मांतरण के प्रयासों के प्रति भी लोगों को सचेत किया।

सेवा भारती की विभागाध्यक्ष सीमा वाजपेयी ने कहा कि सेवा भारती समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सेवा भारती के स्वयंसेवक निस्वार्थ भाव से समाज के लोगों की सेवा कर रहे हैं और उनके कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज के लोगों की सेवा में निरंतर लगे रहने का आह्वान किया और कहा कि सेवा भारती समाज के लोगों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेगी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सेवा भारती केंद्रों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। बच्चों ने अपनी कला और प्रतिभा से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न नृत्य, संगीत और नाटक प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखकर कार्यक्रम में उपस्थित लोग भी अभिभूत हो गए।

सेवा भारती द्वारा जनपद में विभिन्न सेवा केंद्र चलाए जा रहे हैं, जिनमें बच्चों को निःशुल्क विभिन्न कलाओं में निपुण किया जाता है। इस कार्यक्रम का आयोजन बच्चों का उत्साहवर्धन करने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए किया गया था।

इस अवसर पर माननीय विभाग संघचालक रवि मिश्रा, सेवा भारती उपाध्यक्ष सोनल शर्मा, विभाग सेवा प्रमुख प्रभात सहाय, सीमा बाजपेई विभागाध्यक्ष सेवा भारती कार्यक्रम संचालिका शिखा भूपेंद्र राठौड़, संचालन, मंत्री संत किशोर त्रिपाठी, महानगर प्रचारक अशोक ठेनुआ, अध्यक्ष सेवा भारती,राजेंद्र रजनीश, कोषाध्यक्ष उदयवीर, नगर प्रचारक संदीप, सह महानगर कार्यवाह रामकुमार, प्रताप शंकर वर्मा, गुरुकुल से अतुल जी,प्रांत महिला समन्वयक डॉ संगीता मोहन, रीना अवस्थी, पूनम आदि लोग उपस्थित रहे।