शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में संविलियन विद्यालयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे परिषदीय विद्यालय, जहां छात्रों की संख्या 40 से कम है, उन्हें पास के नजदीकी विद्यालयों में समाहित कर दिया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि यह कार्य दो दिवसों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। साथ ही कहा कि किसी राजस्व ग्राम में यदि दो परिषदीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, तो उनमें से एक को बंद कर अन्य में समाहित कर दिया जाए। इससे संसाधनों का अधिकतम उपयोग संभव हो सकेगा और शिक्षण व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि पहले चरण में लगभग 49 विद्यालयों को पास के स्कूलों में विलयित किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों की सूची तत्काल तैयार कर लें और कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।






Visit Today : 1049