शाहजहांपुर। यह तस्वीर उस निगोही कस्बे की है, जहां से एक नहीं, दो-दो विधायक चुने जा चुके हैं एक वर्तमान दूसरे पूर्व विधायक। लेकिन हालात ऐसे हैं कि क्षेत्र की जनता हर बरसात में बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसती नजर आती है। मुख्य चौराहे की सड़क पर इस समय इतना जलभराव है कि राहगीर क्या, वाहन चालकों को भी निकलना मुश्किल हो गया है। नालियों की सफाई न होने, ड्रेनेज व्यवस्था ध्वस्त होने और जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते मामूली बारिश भी इस क्षेत्र को झील में तब्दील कर देती है। विधायकों के काफिले तो फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियों में सरपट निकल जाते हैं, लेकिन उन्हीं के वोट से चुनी गई जनता कीचड़, गंदे पानी और जाम में फंसकर रह जाती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार शिकायतें की गईं। सोशल मीडिया से लेकर जनसुनवाई तक में मुद्दा उठाया गया। लेकिन हालात जस के तस हैं। जनप्रतिनिधियों की चुप्पी, नगर पंचायत की निष्क्रियता और प्रशासनिक उपेक्षा का नतीजा है कि आज निगोही का यह मुख्य मार्ग जलभराव और बदहाली का प्रतीक बन गया है। अब देखना यह है कि क्या इस सड़क की सुध कोई लेगा या फिर अगली बारिश में जनता फिर उसी दलदल में फंसकर अपने वोट की कीमत समझती रहेगी।






Visit Today : 295