शाहजहांपुर।नगर में जानलेवा चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर समाजसेवी नवी सलमान खान ने शुक्रवार को अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। जिला प्रशासन से कार्रवाई न होने से आहत समाजसेवी खन्नौत नदी के पुल के नीचे गहरी नदी के पानी में बैठकर धरने पर बैठ गए। वह करीब छह घंटे तक ठंडे पानी में बैठे रहे, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी।

समाजसेवी का कहना है कि चाइनीज मांझे से अब तक एक पुलिसकर्मी समेत कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके बावजूद शहर में खुलेआम इसकी बिक्री जारी है। उन्होंने चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और बेचने वालों के खिलाफ रासुका जैसी सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया कि नवी सलमान खान पिछले कई दिनों से डीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे और लगातार ज्ञापन दे रहे थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर उन्होंने नदी में उतरकर धरना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। डूबने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद समाजसेवी नदी से बाहर आए।

नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और प्रशासन की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई। लोगों ने चाइनीज मांझे के पूर्ण बहिष्कार की मांग की। समाजसेवी ने चेतावनी दी कि यदि चाइनीज मांझे की बिक्री पर तत्काल रोक नहीं लगी तो वह दोबारा इसी तरह का आंदोलन करेंगे।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शहीदों की प्रतिमाओं की सफाई नहीं हो रही है, दीवारों पर केवल चित्र बने हैं, नालियों के किनारे बैनर लगे हैं और आवारा गोवंश अब भी सड़कों पर घूम रहा है। चार माह से ज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन गंभीर नहीं है।